रुद्रपुर। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने रुद्रपुर में रसोई गैस की वितरण में अनियमितता की शिकायत की है। व्यापार मंडल के सदस्यों ने बुधवार को एसडीएम हरिशंकर लाल को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर होम डिलीवरी शुरू करने की मांग की। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता, मनोज कुमार भाटिया, अमर नाथ सिंह, नरेंद्र मद्धेशिया, अनिल कुमार पांडे, निखिल गुप्ता, आशीष मोदनवाल, अमर सिंह और ब्रज बिहारी पांडेय ने कहा कि एक सप्ताह से रुद्रपुर उपनगर और क्षेत्र में रसोई गैस वितरण में अनियमितता के कारण उपभोक्ताओं को समय से रसोई गैस नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ता गैस बुक कराकर चार-पांच दिन से सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। गैस एजेंसी से होम डिलीवरी रोक दी गई है। गैस बुक करने के बाद एजेंसी से पर्ची कटवाने का नया धंधा शुरू कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को पर्ची लेकर 15 किलोमीटर दूर मदनपुर में स्थित गोदाम पर जाकर गैस लेना पड़ रहा है। होम डिलीवरी चार्ज देने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर लेने के लिए 15 किलोमीटर दूर गोदाम का चक्कर काटना पड़ रहा है। गैस वितरण की दुर्व्यवस्था के कारण रसोई गैस का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि होम डिलीवरी नहीं होने से गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई है।