भाटपार रानी। कस्बे में हो रहे नाला निर्माण के दौरान रोजाना जाम लग रहा है। वाहन जाम में घंटों फंसे रह रहे हैं। इससे लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बसों के बच्चों को हो रही है। वे घर देर से पहुंच रहे हैं तो अभिभावकों की चिंता भी बढ़ जा रही है। भाटपार रानी कस्बे में इस समय स्टेशन रोड पर नाला निर्माण कार्य चल रहा है। रेलवे स्टेशन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, पीजी कॉलेज आदि सार्वजनिक स्थानों पर आने जाने वाली इस मुख्य सड़क पर भीड़ रहती है। ठेकेदार इसका ध्यान न रखते हुए सड़क पर ही बालू, गिट्टी, छड़, मिक्चर मशीन आदि रखवा दिया है, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। एक तरफ से ही मजबूरी में वाहनों को बारी-बारी से आना-जाना पड़ रहा है। इससे वाहनों की लंबी कतार लग जा रही है।
कस्बा निवासी अशोक गुप्ता, दीपक जायसवाल, राधेश्याम, मनोहर प्रसाद आदि ने नगर प्रशासन व स्थानीय पुलिस प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता गुप्ता ने बताया कि इसके लिए प्रयास किया जा रहा है कि जाम से लोगों को निजात मिल सके।