ऑटो छोड़ अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिवहन विभाग में बंद हो गया पंजीकरण
देवरिया। संभागीय परिवहन कार्यालय में सोमवार से नए व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण होना बंद हो गया। वाहन स्वामी अब सीधे डीलर के यहां से ही पंजीकरण करा सकेंगे। कोरोना वायरस के कारण बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके लिए जिले के 15 डीलर को आईडी और पासवर्ड जारी किया जा चुके हैं।
जिले में अभी एक लाख से अधिक व्यावसायिक वाहन हैं। इसमें सबसे ज्यादा संख्या ई रिक्शा की है। व्यावसायिक वाहनों के पंजीकरण के लिए अब वाहन स्वामी को उपसंभागीय परिवहन कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। डीलर ही अपने यहां ऐसे वाहनों की फाइलिंग व नाम, पता व पंजीकरण शुल्क व अन्य टैक्स आदि की फीडिंग कर एआरटीओ कार्यालय को ऑनलाइन भेजेंगे।
एआरटीओ राजीव चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि शासन के निर्देश पर 28 सिंतबर से सभी व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण डीलर के यहां ही होगा। इसके लिए यहां के डीलरों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। तीन साल पहले से ही कार व बाइक सहित अन्य प्राइवेट वाहनों का पंजीकरण सीधे डीलर कर रहे थे। अब वह व्यावसायिक वाहनों का भी पंजीकरण अपने यहां ही करेंगे। नए कामर्शियल वाहन जो भी अब खरीदे जाएंगे, एजेंसी स्तर से ही उसकी फाइलिंग व फीडिंग कर दी जाएगी। वहीं पर पंजीकरण शुल्क व अन्य टैक्स आदि जमा हो जाएगा। वाहन स्वामी को अब यह फायदा होगा कि उसे उपसंभागीय परिवहन कार्यालय नहीं आना होगा। हालांकि ऑटो में थ्री व्हीलर जैसे वाहनों को अभी इसमें शामिल नहीं किया गया है। इसमें परमिट देने की समस्या आती है। इसके लिए साफ्टवेयर में बदलाव चल रहा है। अलग से इसका प्रावधान आते ही इसे भी यहां लागू कर दिया जाएगा।