मेडिकल काॅलेज में दलालों की सक्रियता से जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठा सवाल, कार्रवाई से इमरजेंसी से लेकर ओपीडी तक मची खलबली
कार्रवाई से पहले लीक हुई सूचना भागे दलाल, मातहतों को हिदायत
-अफसरों पर उठा सवाल तो बढ़ी सक्रियता, सीसी टीवी कैमरे की होगी मॉनिटरिंग
ड्रेस कोड और नेम प्लेट लगाकर कर्मचारियों को ड्यूटी में रहने का दिया गया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार को सीएमएस ने छापा मारा, लेकिन भाग गए। अनजान लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों को हिदायत देते हुए ड्रेस कोड और नेम प्लेट के साथ रहने का निर्देश दिया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज में दलालों की सक्रियता से जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल भी खड़ा हो गया है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीज भ्रमित होकर दलालों के चंगुल में फंस जा रहे हैं। इलाज के नाम पर आर्थिक शोषण होने के बाद तीमारदारों को जानकारी हो रही है। इसकी वजह से मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदारों की भूमिका पर सवाल खड़ा होने लगा है। प्राचार्य के निर्देश पर सीएमएस के नेतृत्व में गठित टीम ने इमरजेंसी में छापा मारा। लेकिन इसकी भनक दलालों को पहले ही लग चुकी थी और मौके से अधिकांश दलाल भाग गए। वार्ड में मौजूद कई लोगों से पूछताछ की गई। वहीं भर्ती मरीजों के तीमारदारों को दलालों से दूरी बनाकर रहने और सीधे डॉक्टर या ड्रेस कोड में मौजूद कर्मचारियों से अपनी बात कहने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा इमरजेंसी और ओपीडी में लगे सीसी टीवी कैमरे की मॉनिटरिंग भी शुरू कराने का निर्देश दिया गया है। अगर सीसी टीवी कैमरे में एक व्यक्ति हर रोज दिखेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सुरक्षाकर्मियों को भी दलालों को पकड़ने और फोटो खींचने का निर्देश दिया गया है। कार्रवाई से इमरजेंसी से लेकर ओपीडी तक दलालों में खलबली मची रही। अधिकांश दलाल अस्पताल गेट के बाहर दुकानों पर मंडराते दिखे। सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि किसी कीमत पर दलालों को नहीं फटकने दिया जाएगा। इसके लिए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया गया है। सीसी टीवी से इसकी मॉनिटरिंग होगी। बीच-बीच में छापा भी मारा जाएगा। पकड़े जाने पर केस दर्ज कराया जाएगा।