सीएम ने दी 679 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
फोटो...............
कहा-सबका साथ, सबका विकास के अनुरूप सभी वर्गों को बिना भेदभाव दिया जा रहा योजनाओं का लाभ
नये भारत व विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने का किया जा रहा है कार्य : सीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को शहर के चीनी मिल मैदान में आयोजित समारोह में 679 करोड़ की 673 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, स्वामी विवेकानंद सशक्तीकरण योजना के तहत स्मार्ट फोन और टेबलेट, ओडीओपी तथा आयुष्मान आदि योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृतिपत्र प्रदान किया।
इस दौरान अपने संबाेधन में सीएम ने कहा कि आज देवरिया जनपद की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास देवरहा बाबा के पावन तपोभूमि पर किया जा रहा है। देवरिया मेरे लिए नया नहीं है। यहां 30 वर्षों से लगातार आ रहा हूं। यहां हमलोग जिन आवश्यकताओं और समस्याओं आदि के मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे थे, उसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धरातल पर उतारने का कार्य किया गया। कभी यहां के लिए सपना रहे मेडिकल काॅलेज का निर्माण किया गया। न्यायालय से मामले के निस्तारण होने के तुरंत बाद ही शुगर कॉम्प्लेक्स का भी शिलान्यास किया जाएगा। इसमें चीनी मिल, डिस्टिलरी, एथेनाॅल, इलेक्ट्रिसिटी आदि सम्मिलित रहेगा। इसके लिए धनराशि भी सुरक्षित रखी गई है। कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का शिलान्यास होने जा रहा है। देवरिया अब पिछड़ा नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि इस जनपद में लगभग 24 हजार आवास बने हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना में 1389 लाभार्थियों को आवास प्राप्त हुआ। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद में 2.44 लाख परिवारों में शौचालय बने। ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीण सचिवालय के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 575 पंचायत सचिवालयों के निर्माण का कार्य समयबद्ध तरीके से हुआ है। एक लाख 95 हजार उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। साथ ही 1383 मजरों में विद्युतीकरण का लक्ष्य भी पूरा किया गया।
बताया कि जन धन खाते में 10 लाख 84 हजार से अधिक गरीबों के खाता खोलने का कार्य हुआ। लगभग 50 हजार किसानों के ऋण माफी का कार्य किया गया। लगभग पांच लाख किसान ऐसे हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हो रहा है। पीएम कुसुम योजना के तहत ट्यूबवेल पर बिजली फ्री की गई है। सोलर पैनल लगाने का कार्य हो रहा है। पीएम स्वामित्व योजना के तहत जहां पर मकान वहां पर मालिकाना अधिकार के तहत 85 हजार से अधिक घरौनी वितरित हुई है। आयुष्मान योजना में 6 लाख 71 हजार परिवारों को गोल्डन कार्ड वितरित हुए हैं। गरीबों के लिए बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास की भावना के अनुरूप विकास योजना का लाभ हर गांव, हर किसान, हर मजदूर, हर युवा को दिया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद सशक्तीकरण योजना के तहत स्मार्ट फोन एवं टेबलेट वितरित किया गया है। रुचि और आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसमें विकास भी है और विरासत भी है।
सभा को सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सलेमपुर के रवींद्र कुशवाहा, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने भी संबोधित किया। मौके पर परिवहन राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह, डीएम अखंड प्रताप सिंह ने सीएम को स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चन्द्र तिवारी, रुद्रपुर विधायक जय प्रकाश निषाद, बरहज विधायक दीपक मिश्रा, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, देवरिया नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, गौरा बरहज नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, जितेंद्र प्रताप राव, पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।