अधिसूचना जारी होते ही वाहन स्वामियों को नोटिस भेजने के लिए बन रही सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पूर्व ही परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। 600 छोटे व 700 बड़े वाहनों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्हें चुनावी ड्यूटी में लगाया जाएगा। अधिसूचना जारी होने के बाद इनके वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जाएगा।
सात विधानसभा क्षेत्रों में 1575 मतदान केंद्रों पर 23,66,372 मतदाता अपने मत का प्रयोग इस बार करेंगे। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए 156 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 156 सेक्टर पुलिस अधिकारी की तैनाती जिला निर्वाचन आयोग की ओर से की गई है।
वीडियो निगरानी टीम सहित अन्य टीमों का गठन भी कर लिया गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद यह टीमें व सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएंगे। इन अधिकारियों व टीमों को चलने के लिए वाहनों की आवश्यकता होगी।
पोलिंग पार्टी को बूथों तक पहुंचाने व बाहर से आने वाले अर्धसैनिक बलों के लिए भी करीब 700 बसों की आवश्यकता होगी। अभी से स्कूल बस, अनुबंधित बसों के साथ ही रोडवेज की बसों को चिह्नित करने में परिवहन विभाग लगा हुआ है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट, निगरानी टीम, सेक्टर पुलिस अधिकारी व अन्य सुरक्षा बलों के लिए 600 से अधिक छोटे वाहनों की जरूरत होगी।
कोट
परिवहन विभाग लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले ही अपनी तैयारियों में लगा है। जिले में 1300 से अधिक छोटे व बड़े वाहनों की आवश्यकता होगी। इन्हें चिह्नित किया जा रहा है। कुछ वाहनों को रिजर्व में भी रखा जाएगा।
-आशुतोष शुक्ला, एआरटीओ