संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित कार्यक्रम की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। चीनी मिल ग्राउंड में कार्यक्रम में सूबे के मुखिया 600 करोड़ रुपये की करीब 670 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम स्थल का बृहस्पतिवार को सीडीओ प्रत्यूष पांडेय ने निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का दस मार्च को जिले में संभावित कार्यक्रम है। वह दोपहर बाद करीब 1:30 बजे शहर के चीनी मिल ग्राउंड में पहुंचेंगे। यहां जनपदवासियों को सौगात देंगे। वह परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसमें 10 करोड़ रुपये की लागत से अधिक की छह परियोजनाओं का शिलान्यास व 391 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही 10 करोड़ रुपये से कम लागत की 275 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
इसमें कंचनपुर-गोरयाघाट मार्ग के चौड़ीकरण, सुंदरीकरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में छात्रावास निर्माण कार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान लीलापुर कार्यशालाओं, थ्योरी कक्ष, लैब कक्ष के निर्माण कार्य, जिला कारागार के एकल कक्षों की चहारदीवारी, बरियारपुर थाना के प्रशासनिक ब्लाॅक निर्माण कार्य, थाना लार, भलुअनी, महिला थाना में हाॅस्टल, बैरक व विवेचना कक्ष सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन चौकन्ना हो गया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच और लोगों के बैठने आदि के इंतजाम लगा है।