संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। देवरिया-पकड़ी मार्ग के लक्ष्मीपुर में तहसील प्रशासन ने सड़क की जमीन पर मकान की अवैध रूप से स्थित चहारदीवारी को जेसीबी से तोड़वा दिया। नोटिस देने के बाद भी भवन स्वामियों ने अतिक्रमण नहीं हटवाया था।
सड़क निर्माण कार्य दो माह से चल रहा है। यह सड़क देवरिया सीसी रोड से पकड़ी बाजार तक सात मीटर चौड़ी बन रही है। सड़क की जमीन में किनारे के कई गांव के मकान पड़ रहे हैं। कतरारी, लक्ष्मीपुर, सुरौली, पैकौली, बैदा सहित कई गांव के मकान शामिल हैं। प्रशासन ने सड़क किनारे बने अवैध निर्माण को हटाने के लिए नोटिस दिया, लेकिन अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी। इसके बाद तहसील प्रशासन बृहस्पतिवार को पुलिस बल के साथ पहुंचा और लक्ष्मीपुर में मकान की चहारदीवारी सहित 12 अवैध निर्माण को तोड़वाया। संवाद