भाटपाररानी। नगर पंचायत प्रशासन ने पूर्व में सूचना देने के बाद मंगलवार को दुर्गा मंदिर से लेकर केन यूनियन रोड तक किए गए अतिक्रमण को हटवाया। दुकानदारों की ओर से सार्वजनिक नाली पर से किए गए दुकानों पर अस्थाई रूप से प्लास्टिक आदि का छज्जा लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया।
मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी, सफाई कर्मी दोपहर में यह अभियान दुर्गा मंदिर से शुरू किए। वहां से स्टेशन रोड होते मालवीय मोड़, केन यूनियन रोड तक दुकानदारों की ओर से सार्वजनिक नाली के ऊपर पटरा आदि रखकर किए गए अतिक्रमण को तथा दुकानों के ऊपर अस्थाई रूप से छज्जा लगाकर किए अतिक्रमण को हटवाया। इससे दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि विजय कुमार गुप्त ने बताया कि बरसात आने के कारण सार्वजनिक नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह अतिक्रमण हटाया गया है।