जिला अस्पताल के पीआईसीयू व चिल्ड्रेन वार्ड के 35 बेड पर 51 मरीज भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मौसम का असर बच्चों की सेहत पर गहरा पड़ रहा है। उल्टी-दस्त की चपेट में आने से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। हालत यह है कि जिला अस्पताल के पीआईसीयू व चिल्ड्रेन वार्ड के कुल 35 बेड पर 51 मरीज भर्ती किए गए हैं। एक-एक बेड पर दो बच्चों का इलाज किया जा रहा है। इससे संक्रमण फैलने की भी आशंका रहती है।
लू के थपेड़े से लोग बेहाल हैं, जिससे बच्चे डायरिया, डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे है। इन दिनों मरीजों की संख्या अस्पताल में बढ़ गई है। हाल यह है कि पीआईसीयू, चिल्ड्रेन वार्ड में बेड फुल हो गए हैं। शुक्रवार को बाल रोग विभाग में डॉ. एचके मिश्रा ने करीब 210 मरीजों को इलाज किया। इसमें 150 के करीब बच्चे पेट दर्द, उल्टी-दस्त, बुखार से पीड़ित रहे। गंभीर रूप से बीमार पांच बच्चों को भर्ती किया गया, जबकि अन्य को दवा व बचाव की सलाह दी गई। उधर पीआईसीयू में 15 बेड फुल है। एक बेड पर दो बच्चों का इलाज किया जा रहा है। वहीं बीस बेड का चिल्ड्रेन वार्ड भी भरा है। इन वार्डों में सबसे अधिक उल्टी-दस्त से पीड़ित करीब 25 बच्चे हैं। जबकि बुखार व झटका के पंद्रह मरीज हैं।
यह बरतें सावधानी
- पानी अधिक मात्रा में पीएं
- धूप व लू से बचें, जरूरत पड़ने पर घर से निकलें
- सुपाच्य भोजन का सेवन करें
- मौसमी फल, सत्तू, पन्ना आदि का सेवन करें
- पूरी बांह के कपड़े पहनें
-
-
तापमान बढ़ने से बच्चे अधिक बीमार पड़ रहे हैं। ओपीडी में संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में इलाज की व्यवस्था है। जो कमी है उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जो गंभीर है, उन्हें भर्ती किया जा रहा है।
डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस