पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलबनवा में गुलाल से सराबोर हुए बच्चे। संवाद
- फोटो : Samvad
शाहपुर। खुनियांव ब्लाॅक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय बेलबनवा में शनिवार को छुट्टी होते ही छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को खूब रंग-गुलाल लगाया। शिक्षक भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी बच्चों के साथ होली खेली और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी।
इन दिनों परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा को लेकर बच्चे परीक्षा देने के लिए पढ़ई में जुटे हैं, लेकिन होली को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्कूलों में रविवार से अवकाश हो रहा है। इसे देखते हुए शनिवार को बच्चे अपने साथ में गुलाल भी लेकर आए थे। पहले बच्चों ने वार्षिक परीक्षा से संबंधित पढ़ाई की, फिर छुट्टी हुई तो सभी बच्चे स्कूल परिसर में एकत्रित हो गए। उनके साथ शिक्षक भी थे। बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। शिक्षकों को गुलाल और टीका लगाकर उन्हें बधाई दी और उनका आशीर्वाद लिया। होली खेल रहे बच्चों में स्कूल के शिक्षक भी शामिल हो गए, वे भी बच्चों को गुलाल लगाने लगे। शिक्षकों ने सभी बच्चों को होली खेलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलबनवा के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र ने बच्चों से कहा होली खेलते समय रासायनिक रंगों का प्रयोग न करें। किसी की आंखों में रंग-गुलाल नहीं डालें। वहीं, प्राथमिक विद्यालय बेलबनवा में भी बच्चों और शिक्षकों ने गुलाल लगाकर होली खेली। इस दौरान शिक्षक रविशंकर मौजूद रहे।