देवरिया जिले के भागलपुर ब्लॉक के नरियांव गांव की घटना
खेलते समय पैर फिसलने से गड्ढे में गिर गया 12 वर्षीय करन
जल निगम ने छह माह पूर्व गांव में 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा था
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। भागलपुर ब्लॉक के नरियांव गांव में जल निगम की टंकी के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से 12 साल के बच्चे की मंगलवार देर शाम मौत हो गई। जल निगम ने छह माह पहले पानी की टंकी के लिए गड्ढा खोदा था। इसमें बारिश का पानी भर गया है। मंगलवार को भीमपाल पाल का बेटा करन पाल गांव के कुछ बच्चों के साथ गड्ढे के पास खेल रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह गड्ढे में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
परिवार के लोगों के मुताबिक, करन मईल चौराहा स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। जल निगम ने छह माह पूर्व गांव में 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा था। तब से गड्ढा खुला पड़ा है। लोगों के गिरने की आशंका के बाद भी गड्ढे के चारों ओर घेराबंदी नहीं की गई है। आखिर जल निगम की लापरवाही ने उनके इकलौते बेटे की जान ले ली।
उधर, हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर करन का शव परिजनों को सौंप दिया। थाना अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजन बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते थे। इसलिए पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।