देवरिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में चार अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि विकास खंड और नगर निकाय वार लाभार्थियों के लिए तिथियां और स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि दो फरवरी को ओम मैरेज हॉल तरकुलवा, पथरदेवा, तरकुलवा और देसही देवरिया क्षेत्र के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। चार फरवरी को प्रिंस पैलेस, कोटवा चौराहा, कसया रोड देवरिया में संबंधित क्षेत्रों के लाभार्थी शामिल होंगे। छह फरवरी को उत्सव लॉन, सलेमपुर में रामपुर कारखाना, भटनी, सलेमपुर, लार, भाटपाररानी, बनकटा, भागलपुर और बरहज क्षेत्र के जोड़ों का विवाह कराया जाएगा।
वहीं 10 फरवरी को केंद्रीय विद्यालय, राजकीय आईटीआई परिसर देवरिया में देवरिया सदर, रुद्रपुर, गौरीबाजार, बैतालपुर और भलुअनी क्षेत्र के लाभार्थियों का विवाह कार्यक्रम होगा। प्रत्येक स्थल पर अधिकतम 100 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित किए जाएंगे। शेष 40 हजार रुपये से गृहस्थी का सामान, वस्त्र, आभूषण और विवाह आयोजन की व्यवस्थाएं की जाएंगी।