रुद्रपुर देवरिया। होई ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय...। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...। सरीखे गीत छठ घाटों पर रविवार की शाम आस्था को और परवान चढ़ा रहे थे। प्रत्यक्ष देव सूर्य की आराधना के छठ पर्व पर रविवार को नगर स्थित बथुआ रीवर फ्रंट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने सेमरौना छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मंगल कामना की। इस दौरान छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। छठ घाट के विहंगम दृश्य को देख हर कोई मोहित हो गया।
दोपहर बाद तीन बजे नगर से व्रती महिलाओं का हुजूम परिवार समेत सेमरौना छठ घाट की ओर चल पड़ा। महिलाएं हाथ में कलश लेकर दीया जलाकर मंगल गीत गाते हुए छठ घाट स्थित वेदी पर पहुंची। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से तोरण द्वार लगाकर स्वागत लोगों का स्वागत किया गया। नदी में पश्चिम की तरफ होकर व्रती महिलाएं खड़ी हो गई। सूर्य की लालिमा को देख नदी में खड़ी व्रती महिलाओं ने भगवान भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया। इस दौरान नगर पंचायत प्रशासन की ओर से साफ सफाई और पथ प्रकाश के इंतजाम किए गए थे। एसडीएम रत्नेश तिवारी, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, ईओ नितेश गौरव, प्रभारी निरीक्षक महेंद्र चतुर्वेदी मय फोर्स मौजूद रहे।
फोटो समाचार
विधायक ने व्रती महिलाओं में पूजा सामग्री वितरित किया
रुद्रपुर। सेमरौना घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंची व्रती महिलाओं में विधायक जयप्रकाश निषाद ने पूजा सामग्री वितरित किए। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम और प्रतिनिधि छठ घाट पर जुटे नेताओं ने लोगों को छठ पूजा की बधाई दी। इस दौरान मोहन उपाध्याय, जितेंद्र गुप्ता, दिलीप जायसवाल, मनमथ मणि त्रिपाठी, वीरेंद्र शर्मा, लल्लन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
-
आबादी के बीच लगा दी बारूद की दुकान
रुद्रपुर। सेमरौना घाट पर उमड़ी भीड़ के बीच बारूद की दुकान लगा दी गई। बथुआ रीवर फ्रंट पर दुकानदारों ने कई जगहों पर पटाखे की दुकान लगा कर बेचनी शुरु कर दी। कुछ युवक महिलाओं के बीच पटाखा छोड़ने लगे। अभिभावकों के विरोध करने पर युवक शांत हुए। इस दौरान एक युवक ने हॉट एअर वैलून छोड़ा और वह बिजली के तार में फंस कर जलने लगा। जिस पर पुल की बिजली आपूर्ति को कुछ देर के लिए काटनी पड़ी। लोगों ने भीड़ के बीच पटाखे की दुकान पर रोक लगाने की मांग की।
बरहज सरयू तट पर अस्तांचलगामी सूर्य को प्रणाम करती व्रती महिलाएं