रामपुर बुजुर्ग। करीब एक साल से फरार चल रहे पशु तस्करी के आरोपी शैलेंद्र राय पुत्र बीरबल राय निवासी रायपुर बिंदगवा, थाना डोरीगंज (छपरा) को पुलिस ने दबोच लिया। सोमवार को पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश दी थी। शैलेंद्र की गाड़ी से ही पशुओं को ढोया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2025 को भठवां पांडेय चेकपोस्ट और रुस्तम बहियारी गांव के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में एक ट्रक से 24 गोवंशीय पशु तथा एक पिकअप से छह गोवंशीय पशु बरामद किए गए थे। उनमें से एक-एक पशु मृत मिले थे। इसके अलावा दो बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त किया था।
इस मामले में नामजद शैलेंद्र राय फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। सीओ भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम के निरंतर प्रयास और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।