तरकुलवा। गांधी गेट के समीप कारगिल शहीदों की याद में आयोजित महरूम अबरार अहमद राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला छपरा और बैतालपुर के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में छपरा ने पेनॉल्टी शूट में बैतालपुर की टीम को 4-3 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कर्नल राकेश रोशन, सूबेदार मेजर इमामुद्दीन, हवलदार सद्दाम, हवलदार राकेश व सपा नेता परवेज आलम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरुआत की।
पहले हॉफ के 22वें मिनट में बैतालपुर ने एक गोल कर मैच में 1-0 की बढ़त बना ली। 39 वें मिनट में छपरा ने गोल कर 1-1 की बराबरी कर ली। दूसरे हाफ के 55वें मिनट में बैतालपुर ने दूसरा गोल कर 2-1 की बढ़त बनाई। लेकिन 77 वें मिनट में छपरा की टीम ने गोल दाग कर 2-2 की बराबरी कर ली। खेल खत्म होने तक मुकाबला बराबरी पर रहा। अंत में आयोजकों ने पेनल्टी शूट का निर्णय लिया। छपरा की टीम ने 4-3 से मुकाबला जीत लिया। आयोजक कमांडो तेजरात सिद्दीकी ने अतिथियों और खेल प्रेमियों को माल्यार्पण व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कमेंट्री मुराद अली बेग ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कमलेश पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओमप्रकाश यादव, विवेक सिंह पटेल, रामाश्रय गुप्ता, सभासद इबरार सिद्दीकी, वशिष्ठ दुबे, अब्दुल गब्बार व अन्य मौजूद रहे।