बघौचघाट। आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा के खेलगांव परिसर में आयोजित स्वर्गीय जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ प्रतियोगिता के पांचवें दिन बुधवार को चेन्नई रेलवे और कूचबिहार कोलकाता के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों ने शुरू से ही बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया लेकिन चेन्नई रेलवे की टीम ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर कूच बिहार कोलकाता को 4–1 से पराजित कर जीत दर्ज किया।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि अफजल सिद्दीकी, पोलान सिद्दीकी तथा विशिष्ट अतिथि सद्दाम हुसैन और अरविंद वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुकाबले के पहले हाफ में चेन्नई रेलवे की ओर से 25 नंबर जर्सी में खेल रहे सियास ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो शानदार गोल दागे और अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद कूच बिहार कोलकाता की टीम ने वापसी की कोशिश की और पहले हाफ में ही 8 नंबर जर्सी में रॉकी रॉय ने एक गोलकर स्कोर 2-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में चेन्नई रेलवे की टीम ने आक्रामक खेल को और तेज कर दिया। मैच के अंतिम चरण में 22 नंबर जर्सी में दानिश ने एक महत्वपूर्ण गोल किया, वहीं 23 नंबर जर्सी में सिनाय ने शानदार गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह चेन्नई रेलवे ने 4-1 से मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के निर्णायक मंडल में महिपाल थापा, शिवम कन्याल और अमित वैद्य रहे। कमेंट्री अंगद नाथ तिवारी एवं मान सिंह ने किया। आयोजन समिति के अजय मद्धेशिया ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रमोद मद्धेशिया, इरशाद अहमद, मोहम्मद फतेह, एसरार अहमद, अब्दुल रब, विजय मद्धेशिया, राकेश मद्धेशिया, सोनू वर्मा, भोलू शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।