मतदान कर्मचारियों का नाश्ता, भोजन तैयार करेंगे परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइए
देवरिया। तीन नवंबर को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टी को नाश्ते व भोजन की दिक्कत न हो, इसके लिए परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइयों को भी चुनावी ड्यूटी करनी होगी। इसके अंतर्गत उन्हें मतदान कर्मियों से धनराशि लेकर नाश्ते व भोजन की व्यवस्था करनी होगी। विद्यालय स्तर पर गैस सिलेंडर, खाद्य पदार्थ व अन्य सामग्रियों की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए रसोइया व रसोइया सहायक को निर्देश जारी कर दिया गया है।
देवरिया सदर विधानसभा उपचुनाव के लिए जिले में कुल 487 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां पर दो नवंबर की शाम तक संबंधित पोलिंग पार्टियां पहुंच जाएंगी। मतदान कर्मियों के लिए दो नवंबर की शाम को एवं तीन नवंबर को मतदान वाले दिन सुबह का नाश्ता और दोपहर के भोजन की व्यवस्था के लिए संबंधित विद्यालयों के रसोइयों की ड्यूटी जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से लगा दी गई है।
बीएसए संतोष कुमार राय ने बृहस्पतिवार को बताया कि उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदान तिथि को प्राथमिक विद्यालयों में तैनात रसोइयों को वहां उपस्थित रहकर मतदान कर्मियों के लिए नाश्ते व भोजन की व्यवस्था करने के संबंध में देवरिया सदर, गौरीबाजार, बैतालपुर व नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है। जहां भी मतदान स्थल बने हैं, उस विद्यालय के संबंधित रसोइए व विद्यालय के एक जिम्मेदार कर्मचारी मतदान कर्मियों के भोजन की व्यवस्था के लिए उपस्थित रहेंगे। पोलिंग पार्टियों के पहुंचने पर उनसे धनराशि लेकर उनकी सुविधा के अनुसार नाश्ता व भोजन की व्यवस्था दो नवंबर की शाम व तीन नवंबर की सुबह व दोपहर में करेंगे। भोजन के लिए संबंधित सामान की व्यवस्था पहले से कर लेनी है। इस कार्य में लापरवाही किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी।