फोटो समाचार...
मेहरौना बॉर्डर पहुंचे कमिश्नर-आईजी, जांची सुरक्षा व्यवस्था
बिहार के श्रीकरपुर चेक पोस्ट तक किया पैदल मार्च, ली जानकारी
सीमा पर दोनों प्रदेश के अधिकारियों संग की बैठक, जनता से लिए सुझाव
अमर उजाला ब्यूरो
मेहरौनाघाट। कमिश्नर जयंत नार्लिकर और आईजी जयनारायण सिंह ने रविवार की शाम मेहरौना पुलिस चौकी का दौरा किया। चौकी से लेकर बिहार के श्रीकरपुर चेकपोस्ट तक पैदल मार्च किया। वहां के अधिकारियों से वार्ता कर शराब और पशु तस्करी के बारे में जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने भारी फोर्स के साथ मेहरौना पुलिस चौकी से बिहार के श्रीकरपुर चेक पोस्ट तक पैदल मार्च किया। चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों से बात कर शराब और पशु तस्करी के बारे में पूछताछ की। लौटकर मेहरौना चौकी पर क्षेत्रीय लोगों से वार्ता की। कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने कहा कि हम सभी जिलों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हर जगह शांति बनी हुई है। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। आईजी जय नारायण सिंह ने त्योहार के साथ अयोध्या निर्णय के बाद शांति व्यवस्था रखने में सभी के सहयोग की सराहना की। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने अयोध्या फैसले पर किसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं होने की हिदायत दी। कहा कि इस दौरे से यूपी और बिहार के संबंध प्रगाढ़ होने की बात कही। डीएम अमित किशोर ने मेहरौना में स्थायी चौकी खुलवाने और सीसीटीवी कैमरा लगाने की बात कही। लार में अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन राकेश कुमार पटेल, एसडीएम, सीओ वरुण मिश्र, ब्लॉक प्रमुख आरती देवी, अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश यादव, अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी, मुरारी सिंह, मेहरौना समेत कई गांव के प्रधान मौजूद रहे। सभा का संचालन एएसपी शिष्यपाल ने किया।
दूसरे दिन भी अलर्ट पर रहे अफसर, करते रहे चक्रमण
सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पूरी तरह से रही मुस्तैद
रात में भी दौड़ती रही पुलिस, स्टेशन पर रही विशेष चौकसी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अयोध्या पर सुप्रीम फैसला के दूसरे दिन भी पुलिस-प्रशासन चौकन्ना रहा। डीएम-एसपी खुद जिले का कोना-कोना घूमकर जानकारी लेते रहे। कमिश्नर जयंत नार्लिकर और आईजी जय नारायण सिंह ने भी जिले का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
रात में भी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने-अपने निर्धारित प्वाइंट पर ड्यूटी देते रहे। आधी रात तक एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र सभी से जानकारी लेते रहे। सब जगह से संतोषजनक जवाब मिलता रहा। रविवार को दिन में भी ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने-अपने प्वाइंट पर मुस्तैद रहे। बारावफात के जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन के लोग खासे चौकन्ना रहे। मुस्लिम आबादी के आसपास के मंदिर और हिंदू आबादी के आसपास स्थित मस्जिद पर उनकी विशेष नजर रही। ऐसी जगहों पर पुलिस का पहरा कड़ा रहा। डीएम अमित किशोर और एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बघौचघाट, तरकुलवा, रामपुर, सलेमपुर आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति की जानकारी ली। एएसपी शिष्यपाल व एडीएम राकेश पटेल भी फोर्स के साथ भ्रमण करते रहे। बिहार बॉर्डर से सटा होने के कारण कमिश्नर जयंत नार्लिकर और आईजी जयनारायण सिंह दोपहर बाद जिले में आए। भारी फोर्स के साथ दोनों अधिकारी सलेमपुर, लार होते हुए मेहरौना बॉर्डर पहुंचे। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय और जीआरपी इंस्पेक्टर रवींद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में सभी ट्रेनों और प्लेटफार्म पर चेकिंग कराई गई। स्टेशन परिसर में खड़े वाहनों पर भी उनकी नजर रही। इस बाबत एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि जिले में पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। अभी किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। सुरक्षा के यही इंतजाम अभी कई दिन तक चलते रहेंगे।
दूसरे दिन भी निगरानी में रहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। थाना क्षेत्र में दूसरे दिन बारावफात के अवसर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें महत्वपूर्ण इलाके में सतर्कता के दृष्टिकोण से भ्रमणशील रहीं। इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव सहित अन्य पुलिस फोर्स भी क्षेत्र में जुलूस के दौरान शामिल रहे। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लोगों से अपील की। अयोध्या फैसले के बाद शनिवार सुबह से ही चार सेक्टर मजिस्ट्रेटों की गठित टीम और पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी लिए स्वयं इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव क्षेत्र में अमन चैन बनाए रखने के लिए लोगों से अपील करते नजर आए। रविवार को भी उपरोक्त टीम कोर्ट के फैसले को स्वागत करने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एहतियात के तौर पर सतर्क रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट राजेंद्र नाथ, मनीष कुमार, राजकुमार, आरबी चौरसिया सहित पुलिस सेक्टर अधिकारी और जोनल अधिकारी इंस्पेक्टर श्यामलाल बालेपुर मठिया, अहिरौली, जैतपुरा, जुआफर, बैरौना, खुखुंदू, नरौली खेम आदि क्षेत्रों में भ्रमणशील रही। इंस्पेक्टर एवं जोनल अधिकारी श्यामलाल यादव ने बताया कि बारावफात और कोर्ट के फैसले को लेकर क्षेत्र में मुस्तैदी बरकरार है।
खेत की जुताई कर रहे, बार-बार फोन कर परेशान मत करो...
कई के जवाब से असहज हो जा रहे पुलिसकर्मी
सी-प्लान में शामिल लोग बातचीत में बोल रहे उल्टी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कहा न कि खेत की जुताई कर रहे हैं... व्यस्त हैं। बार-बार फोन कर परेशान मत करो...। हम ही बताने के लिए खाली बैठे हैं क्या... कुछ ऐसे ही जवाब कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारियों को असहज कर दे रहे हैं। सी प्लान से जुड़े लोगों को जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से पुलिसकर्मी बार-बार फोन कर हर गांव और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था के बारे में खबर ले रहे हैं।
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने सी-प्लान एप बनाया है। इसमें हर गांव के 10 लोगों को जोड़ा गया है। अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित कर पूरे जिले पर नजर रखी जा रही है। एक इंस्पेक्टर/सब इंस्पेक्टर और आठ पुलिसकर्मी प्रत्येक शिफ्ट में ड्यूटी दे रहे हैं। प्लान में शामिल 14 हजार से अधिक लोगों से प्रतिदिन फोन पर जानकारी ली जा रही हैं। एक कर्मचारी ने बताया कि कई लोग फोन करने पर बिगड़ जा रहे हैं। उल्टे जवाब दे रहे हैं। बार-बार फोन न करने की नसीहत दे रहे हैं। पुलिसकर्मी ने बताया कि एक ने कहा कि ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे हैं। इसी में फोन कर रहे हो, हम अपना काम करें कि सबका हालचाल लेकर बताएं। अब फोन मत करना। जानना हो तो खुद आकर देख लो। इसी तरह के जवाब कई अन्य लोगों ने दिया। एक ने कहा कि हम अपने घर रहें कि गांव और क्षेत्र में घूमकर सबसे कुशलता पूछें। पुलिसकर्मी ने बताया कि ऐसे जवाब असहज कर रहे हैं, लेकिन ड्यूटी है तो बार-बार पूछना ही पड़ रहा है।
फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट करने वाला भेजा गया जेल
प्रशासन की चेतावनी के बाद भी अयोध्या फैसला आने पर किया था पोस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
तरकुलवा। अयोध्या पर फैसले के बाद अति उत्साह में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को अयोध्या मसले पर फैसला आने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया था। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट नहीं डालने के लिए लोगों से अपील की गई थी। बावजूद तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिधावे निवासी सुधांशु तिवारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट कर दिया। उस पर तरह-तरह के कमेंट भी आने लगे। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सुधांशु पर आईटी एक्ट के उल्लंघन का केस दर्ज किया। एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।