सुकरौली। कस्बा के तीतिला चौराहे के पास स्थित चौधराइन पोखरे के सुंदरीकरण की मंजूरी शासन ने दे दी है। इसके लिए 40 लाख रुपये की धनराशि शासन से जारी हो गई है। शासन की तरफ से स्वीकृत धनराशि से पोखरे के चारों तरफ से सीढ़ी के साथ वहां बैठने के लिए बेंच और हरियाली के पौधरोपण किया जाएगा। कार्य शुरू करने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। सुकरौली कस्बा के तीतिला चौराहे के पास स्थित चौधराइन पोखरा करीब 1.39 एकड़ जमीन में फैला है। इस पोखरे की मछलियां और पास के शिव मंदिर का पौराणिक मान्यता है। मान्यता के अनुसार पोखरे में पाली गईं मछलियां देवी रूप में पूजी जाती हैं। एनएच के सटे होने के चलते यहां पूजा पाठ समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए काफी दूर-दूर तक के लोग यहां आते हैं, लेकिन पोखरे में पर्याप्त पानी नहीं होने से पर समय पर साफ-सफाई नहीं होने से चलते गर्मी के समय में पोखरे का पानी सूख जाता है। देखरेख नहीं होने और स्थानीय लोगों की उदासीनता की वजह से पोखरे का अस्तित्व भी मिटता जा रहा था। पोखरे के आसपास करीब 58 डिसमिल जमीन चकबंदी के समय से ही पड़ी हुई है। इस पोखरे का सुंदरीकरण और जलभराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोग काफी समय मांग कर रहे थे। लोगों की मांग और पोखरे की धार्मिकता को गंभीरता से लेते हुए हाटा विधायक की पहल पर शासन ने पोखरे के सुंदरीकरण समेत अन्य निर्माण कराने के लिए 40 लाख अवमुक्त किए हैं।