देवरिया। तरकुलवा थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर पर पासपोर्ट सत्यापन के लिए रुपये वसूलने, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित ने एसपी से इसकी लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के ग्राम वृंदावन के रहने वाले ज्ञानेंद्र राव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया है कि उन्होंने थानाक्षेत्र के दुबेटोला गांव निवासी अमित कुमार गुप्ता के पासपोर्ट संबंधी जानकारी के लिए तरकुलवा थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क किया तो चार हजार रुपये की मांग की गई। आरोप लगाया कि ऑपरेटर ने वैरिफिकेशन के लिए चार हजार रुपये ले लिए, लेकिन लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वेरिफिकेशन नही हुआ। पीड़ित का कहना है कि वेरिफिकेशन न होने पर उन्होंने संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर से रुपये वापस मांगे तो उसने 23 जुलाई को अपराह्न तीन बजे के करीब तरकुलवा बाजार से उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देते व मारते-पीटते हुए थाने ले गया। जब इसकी शिकायत थाना प्रभारी से की गई तो आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के माध्यम से रुपये वापस किए। आरोप लगाया कि ऑपरेटर ने जान से मारने की धमकी भी दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि प्रकरण उनके कार्यकाल से पहले का है। एक दिन मामला उनके समक्ष आया था तो ऑपरेटर को फटकार लगाई थी। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।