चादर पोशी करते दरगाह प्रमुख और अन्य जायरीन।संवाद
सेल्हरापुर में दो दिवसीय 42वें सालाना उर्स में दूर-दराज से पहुंचे जायरीन
- दिनभर चढते रहे मन्नतों की चादर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के सेल्हरापुर में सैय्यद यासीन शाह के दरगाह पर 42वें सालाना उर्स के दूसरे दिन रविवार को चादर पेशी की रस्म हुई। दरगाह प्रमुख और मुरीद गणों ने बाबा के दरगाह पर चादर पेश की। दूर-दराज से पहुंचे जायरीन भी दिनभर मन्नतों की चादर चढ़ाते रहें। इस दौरान दरगाह पर भारी भीड़ उमड़ी थी।
चादर पेशी के दौरान जायरीन ने जयकारे लगाए।
सेल्हरापुर में प्रसिद्ध सूफी संत सैय्यद यासीन शाह की दरगाह पर रविवार को दरगाह प्रमुख सैय्यद शकील अहमद शाह और नूर हसन शाह मुरीद गणों के साथ मिलकर बाबा के दरगाह पर चादर पेशी की। इसके बाद कई प्रांतों से पहुंचे जायरीनों ने दरगाह पर मन्नतों की चादर चढ़ाई। दिनभर चादर पेशी की रस्म चलती रही। दरगाह पर मन्नतें पूरी होने पर जायरीनों सहित आस पास के हर धर्म के श्रद्धालु भी चादर चढ़ाते हैं। दरगाह प्रमुख ने बताया कि चादर पेशी के बाद देर शाम को गुशल शरीफ की रस्म हुई। इन रस्मों के दौरान बाबा के दरगाह पर जमकर जयकारे लगे। इसके अलावा पूरी रात कौव्वाली का कार्यक्रम चलेगा। मऊ, वाराणसी, कानपुर सहित अन्य जनपदों से आए कौव्वाल कौव्वाली प्रस्तुत कर उर्स की शान बढ़ाएंगे। उधर, सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। उर्स में भारी भीड़ होने और बाहर से आकर ठहरे जायरीन की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद दिखीं। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उर्स में शांति व्यवस्था कायम है। सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस फोर्स तैनात है।