फोटो समाचार..........
सीडीओ ने पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण, ब्लॉक बनकटा में लो टर्न आउट बूथों पर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए समस्त सचिवों के साथ की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय ने लोकसभा चुनाव के अन्तर्गत पोलिंग बूथों सहित लो टर्न आउट बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान भाटपाररानी ब्लॉक के छोटका गांव पोलिंग बूथ पर खिड़की और शौचालय की स्थिति खराब पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधान और सचिव को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। पोलिंग बूथ बड़का गांव में रैंप, दिव्यांग किट के अवलोकन के बाद रख-रखाव के लिए निर्देशित किया ।
मुख्य विकास अधिकारी ने पोलिंग बूथ टीकमपार, रामपुर और बैकुंठपुर में दरवाजे, खिड़की, रैंप, शौचालय आदि का निरीक्षण किया। कुछ पोलिंग बूथों पर साफ-सफाई सही नहीं पाई गई। बूथों पर ईंटों के ढेर पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधान को जल्द सही कराने के लिए कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सोहनपुर लर्निंंग लैब केंद्र का निरीक्षण के दौरान लर्निंग लैब शासन द्वारा निर्धारित 18 मानकों को पूरा कराने के लिए सचिव को निर्देश दिए। विकास खंड बनकटा में मुख्य विकास अधिकारी ने लो टर्न आउट बूथों पर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने/लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित करने के लिए समस्त सचिवों के साथ लो टर्न आउट बूथों, मतदान बूथों की साज-सज्जा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए समीक्षा की। हर लो टर्न आउट बूथों पर बुलावा टोली बनाई गई है।
इसमें आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, रोजगार सेवक, शिक्षामित्र और सफाई कर्मचारियों आदि को बुलावा टोली के माध्यम से चिह्नित बूथों पर मतदान के लिए प्रेरित करने, बढ़ावा दिए जाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम/जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय, खंड विकास अधिकारी भाटपारारानी एवं बनकटा मौजूद रहे।