-तैयारियों के लिए अधिकारियों के साथ गांधी सभागार में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रत्यूष पांडेय की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन की तैयारियों हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास भवन के गांधी सभागार में बैठक हुई। सीडीओ ने अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिक संगठनों को भी जोड़ा जाए। जनभागीदारी से इसे शासन की मंशानुरूप सफल बनाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों की गाथा को याद किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर कराने के दृष्टिगत ''हर घर तिरंगा'' 13 अगस्त से 15 अगस्त अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता के साथ प्रदेश के आवासीय घरों या सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं समस्त शैक्षणिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को फहराने जाने का आयोजन किए जाने हेतु विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए है।
उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों को हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत जो भी जिम्मेदारी दी गई है, वह उसका अनुपालन ससमय सुनिश्चित करेंगे, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। बैठक में सीएमओ डॉ. राजेश झा, जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय, डीपीआरओ सर्वेश पांडेय, डीपीओ कृष्णकांत राय, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।