बालिका गृह कांड: आरोपियों से सीबीआई ने की पूछताछ
देवरिया। बालिका संरक्षण गृहकांड की जांच कर रही सीबीआई ने रविवार को भी इस मामले से संबंधित आरोपियों को बुुलाकर उनसे पूछताछ की। संचालिका गिरिजा त्रिपाठी सहित इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी डाक बंगले पर ही बुलाया गया था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित मां विंध्यवासिनी महिला एवं बालिका संरक्षण गृह में 5 अगस्त वर्ष 2018 को छापेमारी कर 23 संवासिनियों को बरामद किया गया था। प्रदेश स्तर पर मामला चर्चित होने के बाद पहले इसकी जांच एसआईटी ने शुरू की थी। बाद में सरकार ने इसे सीबीआई के हवाले कर दिया। सीबीआई की दो सदस्यीय टीम पिछले तीन दिनों से सिंचाई विभाग के डाक बंगले में ठहरी हुई है। रविवार को टीम के सदस्यों ने पुन: संचालिका गिरिजा त्रिपाठी समेत इस मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों एवं वहां काम करने वाले कर्मचारियों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। सभी को पहले से ही नोटिस देकर निर्धारित समय पर उपस्थित होने को कहा गया था। टीम इसके पूर्व भी संचालिका से लंबी पूछताछ कर चुकी है। उम्मीद लगाई जा रही है कि अभी जांच एजेंसी कुछ और दिन तक जिले में रहेगी और इस मामले से जुड़े सभी लोगों व पक्षों को सुनकर और उनके बयान दर्ज करने के बाद ही वापस लौटेगी।