- खुखुंदू क्षेत्र के भरौली चौराहे की घटना
- केस की पैरवी करने देवरिया कोर्ट में जाते समय हुआ हादसा
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के भरौली चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। परिजन का कहना है कि देवरिया कोर्ट में मुकदमे की पैरवी करने जाते समय हादसा हुआ है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर पहचान में जुट गई है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के खाजेगढ़वा निवासी विजय प्रताप यादव केस की पैरवी में देवरिया कोर्ट में जा रहे थे। वह अभी देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर खुखुंदू क्षेत्र के भरौली चौराहे के पास पहुंचे थे तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे चार पहिया अज्ञात वाहन ने बाइक में तेज टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विजय प्रताप यादव बाइक लिए सड़क पर जा गिरे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उधर, जब तक आसपास के लोग दौड़ते-भागते मौके पर पहुंचे तब तक वाहन लेकर चालक भाग निकला था। घटना के बाद पत्नी उर्मिला देवी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वाहन की पहचान कर ली जाएगी।