- खुखुंदू थाना क्षेत्र के देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर नरौली खेम मोड़ के पास बस रोककर हुई घटना का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नरौलीखेम मोड़ पर सरेराह बस रोककर सगे भाइयों पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गांव के पांच नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
लार थाना क्षेत्र के बलदेव छपरा निवासी श्रीकृष्ण के बेटे पुष्पेंद्र कुमार और अतुल राज गांव से बस में बैठकर शुक्रवार को देवरिया मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। आरोप है कि बस का पीछा करते हुए एक कार से गांव के कुछ लोगों ने देवरिया-सलेमपुर फोर लेन पर खुखुंदू चौराहे से आगे नरौली खेम मोड़ पर ओवरटेक कर बस रोक ली। इसके बाद आठ-नौ की संख्या में असलहा, हाॅकी, चाकू और फाइटर लहराते हुए बस में चढ़ गए और अतुल राज की गर्दन पर चाकू से प्रहार कर दिया। हालांकि अतुल राज ने बचाव किया, लेकिन उसकी एक अंगुली कट गई, जबकि हमलावरों ने पुष्पेंद्र कुमार पर हाॅकी और फाइटर से हमला कर घायल कर दिया।
यात्रियों के विरोध करने के बाद हमलावर भाग निकले। दोनों भाइयों का मेडिकल काॅलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। पुष्पेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के सुरेश, रजनीश, हिमांशु विपिन, कृष्णा और अन्य अज्ञात के खिलाफ शनिवार शाम को बलवा, धारदार हथियार से हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि पुलिस की जांच में भूमि विवाद की बात सामने आई है। आरोपियों पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।