- नगर पंचायत की सड़क पैमाइश के दौरान महिला ने कोतवाली में तैनात सिपाही के साथ की थी हरकत
- मोहल्ले के एक व्यक्ति की तहरीर पर दो महिला समेत तीन लोगों पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत की सड़क पर पैमाइश के दौरान सिपाही का मोबाइल तोड़ने वाली महिला और उसकी बेटी-बेटा के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई मोहल्ले के एक व्यक्ति की तहरीर पर की गई है, लेकिन पुलिस या राजस्व विभाग की तरफ से इसमें कोई कार्रवाई नहीं कराई गई है। जो चर्चा का विषय है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर-सात सुगही पिपरा मोहन के विमलेश मिश्र सहित अन्य लोगों ने डाक बंगला के पीछे नगर पंचायत की सड़क पर एक महिला पर अतिक्रमण कर रास्ता अवरूद्ध करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम गिरीश कुमार झा व ईओ हिमांशु प्रताप सिंह से शिकायत की थी। शनिवार को नायब तहसीलदार गोपालजी व अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक गिरीजेश चंद्र श्रीवास्तव‚ लेखपाल रजनीश कुमार मिश्र‚ ओमप्रकाश कुशवाहा‚ नितेश चतुर्वेदी‚ बसंतराज सिंह व अतुल यादव की टीम गठित कर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच पैमाइश शुरू की।
इससे नाराज एक महिला ने वीडियो बना रहे एक सिपाही का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था, लेकिन पुलिस या राजस्व विभाग की टीम ने महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कराई। इसके बाद वार्ड के विमलेश मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि हम लोगों के मकान से मेन रोड सलेमपुर संपर्क मार्ग को सुशीला देवी पत्नी हरेराम द्वारा ट्राॅली, ट्रैक्टर गाय भैंस व गोबर रखकर अवरुद्ध कर दिया है।
इसकी शिकायत वार्ड के लोगों ने उप जिलाधिकारी से की थी। इसमें उप जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार और नगर पंचायत ईओ से पैमाइश कराकर कब्जा हटाने का निर्देश दिया। इस क्रम में शनिवार को पैमाइश हो रही थी। नायब तहसीलदार के कहने पर मैं जंजीर पकड़ कर नपाई करा रहा था। तभी अचानक सुशीला देवी पत्नी हरेराम, सुमन देवी पुत्री हरेराम, प्रदीप कुमार यादव पुत्र हरेराम सभी पहुंच गए और झगड़ा करने लगे।
अगर प्रशासन वहां मौजूद नहीं होता तो ये लोग कुछ भी कर सकते थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने सुशीला देवी, सुमन देवी व प्रदीप कुमार यादव के खिलाफ मारपीट समेत जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो महिला समेत तीन लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।