- सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया वार्ड नंबर पांच का मामला, प्राथमिकी दर्ज
देवरिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया वार्ड नंबर पांच में बुधवार देर शाम दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर एक-दूसरे के घर में घुसकर ईंट-पत्थर चलाए और मारपीट की। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भी ले गई।
पुलिस के अनुसार, हरैया वार्ड नंबर पांच निवासी पुनीता देवी पत्नी जय प्रकाश विश्वकर्मा और धीरज विश्वकर्मा पुत्र पंचानंद विश्वकर्मा के परिवार के लोगों के बीच बुधवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के घर में घुस गए और ईंट-पत्थर से हमला करने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें भी आईं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पुनीता देवी की तहरीर पर धीरज विश्वकर्मा, उनकी पत्नी, बृजकिशोर, विशाल, किशन और बिट्टू के खिलाफ गोलबंद होकर मारपीट समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
वहीं, दूसरे पक्ष के धीरज कुमार विश्वकर्मा की तहरीर पर आरोपी जय प्रकाश, पुनीता और सीमा के खिलाफ मारपीट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस तरह दोनों पक्षों के कुल नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।