देवरिया । सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक वार्ड निवासी युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि शादी की बात करने पर आरोपी हर बार परिजन से बातचीत करने का बहाना बनाकर उसे टाल देता था। विवाह के लिए आरोपी के परिवार से संपर्क करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, गाली-गलौज, धमकी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
युवती ने मंगलवार देर शाम पुलिस को दी तहरीर में बताया कि भीमपुर गांव निवासी धर्मेंद्र चौहान ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ यौन शोषण किया। जब भी उसने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी परिवार से बातचीत करने की बात कहकर उसे टाल देता था। पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र चौहान समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ गौरव सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।