देवरिया। गांव में बिना निर्माण कराए सरकारी धन हड़पने वाले और जांच में बचाने वाले अफसरों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। गांव के एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के कंठीपट्टी गांव में बिना निर्माण कार्य कराए दो लाख से अधिक रुपये का पूर्व प्रधान सुनील कुमार मल्ल और तत्कालीन सेक्रेटरी पंकज तिवारी ने गोलमाल किया था। गांव के ओमप्रकाश यादव ने इसकी शिकायत तत्कालीन डीएम से शपथ पत्र देकर किया था। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी आनंद कुमार शुक्ल और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एई श्वेता मौर्य को जांच का निर्देश दिया। जांच अधिकारियों ने फर्जी तरीके से तैयार कर जांच में पूर्व प्रधान और तत्कालीन सेक्रेटरी को क्लीनचिट दे दिया। पीड़ित ने साक्ष्यों के साथ इसकी शिकायत डीएम से की। कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जांच अधिकारी जिला गन्ना अधिकारी आनंद शुक्ल, एई श्वेता मौर्या, पूर्व प्रधान सुनील कुमार मल्ल और तत्कालीन सेक्रेटरी पंकज तिवारी पर धोखाधड़ी, सरकारी धन हड़पने सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर मृत्युंजय राय ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।