एसपी के निर्देश पर दुष्कर्म के आरोपी पर केस
रामपुर कारखाना थाने की पुलिस की लापरवाही से पीड़ित भटकने को थी मजबूर
पंचायत में पीड़ित को तीन लाख देकर मामले को रफा-दफा करने की हुई थी कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। थानाक्षेत्र के एक गांव की किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में 12 दिनों के बाद पुलिस ने मुकदमा कर लिया। एसपी के निर्देश के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी पर पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया।
रामपुर कारखाना क्षेत्र के एक गांव में करीब दस दिन किशोरी का अपहरण कर लिया गया था। दूसरे दिन भी जब किशोरी घर नहीं आई तो चिंतित परिजनों ने थाने जाकर एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के घर से एक शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसी बीच तीसरे दिन किशोरी लौट आई। परिवार वालों को बताया कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। किशोरी के परिवार वाले अभी इस मामले को लेकर पुलिस के पास जाने ही वाले थे कि कुछ लोग मामले को रफा-दफा करने में जुट गए। गांव में पंचायत के बाद किशोरी के परिजनों को तीन लाख रुपये लेकर मामला मैनेज करने की कोशिश की गई। हालांकि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आ जाने के बाद इस घटना में मुकदमा दर्ज करने में लगातार लापरवाही कर रही पुलिस हरकत में आ गई। बुधवार की देर रात पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते एक आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा लिया गया है। किशोरी को बृहस्पतिवार को मेडिकल के लिए भेजा गया है।