राज्यमंत्री के बेटे समेत नौ पर बलवा, मारपीट का केस
दूसरे पक्ष के रिटायर्ड फौजी सहित चार पर बलवा, एससी-एसटी एक्ट का केस
बृहस्पतिवार की देर शाम रामलक्षन चौराहे पर मामूली बात पर हुई थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामलक्षन/रुद्रपुर (देवरिया। रामलक्षन चौराहे पर राज्यमंत्री के बेटे और रिटायर्ड फौजी के बीच हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों पर केस दर्ज किया। राज्यमंत्री के बेटे सहित आठ लोगों पर पुलिस ने बलवा, मारपीट, सामान को क्षति पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है तो दूसरे पक्ष के रिटायर्ड फौजी समेत चार लोगों पर दलित उत्पीड़न, बलवा, मारपीट का केस दर्ज हुआ।
बृहस्पतिवार की शाम प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के बेटे विश्वविजय निषाद और भृगुसरी गांव के रहने वाले सेना से रिटायर्ड सुभाष प्रजापति के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि राज्यमंत्री के बेटे चार पहिया वाहन से कहीं जा रहे थे, उसी दौरान रामलक्षन चौराहे पर सुभाष प्रजापति की खड़ी स्कूटी में चार पहिया वाहन से टक्कर लग गई। इस बात को लेकर दोनों पक्ष कहासुनी के बाद चौराहे पर मारपीट करने लगे। किसी ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में सेना से रिटायर्ड सुभाष प्रजापति की तहरीर पर राज्यमंत्री के बेटे विश्वविजय निषाद सहित आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ। वहीं, दूसरे पक्ष के राकेश कुमार निवासी रामनगर की तहरीर पर रिटायर्ड फौजी सुभाष प्रजापति और सगे भाई वीरेंद्र, उनके बेटे लक्की, राज पर मारपीट, बलवा, हरिजन उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ। दोनों पक्ष ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच करने की मांग की है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
क्षेत्र में घटना की चर्चा, सोशल मीडिया पर वार
रामलक्षन चौराहे पर राज्यमंत्री के बेटे और सेना से रिटायर्ड फौजी के बीच हुए विवाद की चर्चा क्षेत्र में खूब हो रही है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग राज्यमंत्री के बेटे विश्वविजय निषाद के समर्थन में उतर आए। वे घटना को गलत बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग रिटायर्ड फौजी के समर्थन में घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर दोनों तरफ के समर्थकों में भी कहासुनी का दौर जारी है।