शपथपत्र भरवाया, नहीं करेंगे कच्ची शराब का धंधा
कच्ची शराब के साथ पकड़े गए 90 लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डीएम और एसपी ने कच्ची शराब के धंधे को नेस्तानबूद करने के लिए नई पहल की है। कच्ची शराब के साथ पकड़े गए लोगों से एक शपथपत्र भरवाया है कि वादा करो कि आज से कच्ची शराब और अन्य शराब का धंधा नहीं करेंगे। इसकी जगह पर मेहनत-मजदूरी करेंगे और लोगों को भी जागरूक करेंगे। कच्ची शराब के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा क च्ची शराब के खिलाफ 48 घंटों में की गई कार्रवाई में 90 लोगों को 1357 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। करीब 362 क्विंटल लहन और आठ भट्ठियों को नष्ट किया गया। इस मामले में 90 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन व पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र के निर्देश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व आबकारी विभाग के छापा मारने की कार्रवाई के दौरान कोतवाली, रामपुर कारखाना, गौरी बाजार क्षेत्र में आठ-आठ, तरकुलवा चार, बघौचघाट, बरियापुर, बरहज, मईल पांच-पांच, महुआडीड, रुद्रपुर तीन, मदनपुर, खामपार ,एकौना, भलुअनी एक-एक सलेमपुर, बनकटा, लार सात-सात, थाना खुखुन्दू, भाटपाररानी में तीन व्यक्तियों को कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। इनके पास 1292 लीटर कच्ची शराब तथा 65 लीटर अवैध देशी, विदेशी शराब पकड़ी गई। एसपी ने बताया कि जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।