मूर्ति विसर्जन के दौरान पचास लोगों पर मुकदमा दर्ज
भिंगारी बाजार में शुक्रवार की रात में की थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार में शुक्रवार की रात्रि मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस से नोकझोंक और मारपीट के मामले को लेकर पुलिस ने 50 लोगों पर मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है। पुलिस की कार्रवाई को देखकर युवक घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
भिंगारी बाजार में शुक्रवार की देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ युवक आपस में मारपीट करने लगे थे। पुलिस ने कुछ युवकों को पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया था। उग्र भीड़ ने पकड़े गए युवकों को जबरन पुलिस की गाड़ी से छुड़ा लिया था। शांतिपूर्वक मूर्ति विसर्जन कराने के बाद पुलिस तत्काल कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस घटना की जांच के बाद भिंगारी बाजार के 50 लोगों और कुछ अज्ञात पर मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मेले में अव्यवस्था फैलाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि 50 लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।