ईंट भट्ठा मालिक के अपहरण में दो पर केस दर्ज
सपा नेता के करीबी सहित दो को पुलिस ने लिया हिरासत में
एक व्यक्ति के पास से अवैध असलहा, शहर समेत कई स्थानों पर दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी/देवरिया। खामपार थाना क्षेत्र से तीन जुलाई की शाम हुए ईंट भट्ठा मालिक के अपहरण के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर सर्विलांस से मिले लिंक के आधार पर पुलिस और क्राइम ब्रांच सपा नेता के करीबी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
खामपार थाना क्षेत्र के निशनिया पैकौली गांव निवासी ईंट भट्ठा मालिक अरविंद शाही शुुक्रवार की शाम घर पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी बीच दीपक शाही और आदित्य तिवारी फोन कर कुुकुरघांटी चौराहा पर बुलाए। तीनों लोग बाइक से भरथुआ आए। यहां से अरविंद शाही का कुछ बदमाशों ने अपहरण कर लिया और लग्जरी गाड़ी से लेकर कहीं चले गए। इनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने अरविंद शाही के चाचा वशिष्ठ शाही की तहरीर पर खामपार निवासी दीपक शाही और भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बेलपार पंडित गांव निवासी आदित्य तिवारी पर अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। उनका कहना है कि अपहरण के दौरान अरविंद के पास एक ठेकेदार की ओर से दिए गए ईंट के 3.31 लाख रुपये भी थे। केस दर्ज होने के बाद पुुलिस और क्राइम ब्रांच ने कई स्थानों पर दबिश दी। सर्विलांस से मिले लिंक के आधार पर इस मामले में पुलिस खुखुन्दू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और भलुअनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसमें एक युवक विधानसभा का चुनाव लड़ चुके एक सपा नेता का करीबी बताया जाता है। इनकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। देर शात तक ईंट भट्ठा मालिक का पता नहीं लग सका था। इस बाबत खामपार एसओ बीरबहादुर सिंह ने बताया कि अपहरण के मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक, शिष्यपाल सिंह ने बताया कि सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।