आरोपियों ने ऑटो चालक पर ईंट से किया था प्रहार, इलाज़ के दौरान हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। ऑटो चालक की पत्नी रंजन देवी की तहरीर पर गौरीबाजार पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या सहित एससी-एसटी का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को कटाई चौराहे के समीप कुछ युवकों के ईंट चलाकर मारने के बाद घायलावस्था में चालक ऑटो लेकर पलट गया। घायल चालक का गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के नगरौली गांव निवासी संजय भारती (30) पुत्र सुरेश शुक्रवार को रामलक्षन से सवारी भर कर गौरीबाजार के लिए निकला। बाइक से जा रहे कुछ युवकों से ऑटो चालक की साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई। अभी वह ऑटो लेकर गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर कटाई चौराहे के समीप ही पहुंचा था कि उन युवकों ने ऑटो चालक को ईंट फेंककर मारा। ईंट सिर में लगने से उसे गम्भीर चोट आई। इससे वह ऑटो लेकर पलट गया।
इसके बाद युवक जमीन पर घायलावस्था में गिरे हुए चालक पर टूट पड़े और मारपीट कर लहूलुहान कर भाग निकले। चालक की हालत में सुधार नहीं होने से डॉक्टर ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को चालक की मौत हो गई।
इस बाबत थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र ने बताया कि चालक की पत्नी की तहरीर पर सोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी बनियनी, धनंजय पुत्र परमहंस निवासी रनिहवा कोतवाली रुद्रपुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।