तरकुलवा थानाक्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने की शिकायत
देवरिया। आरटीई कार्यकर्ता पर तरकुलवा थानाक्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से रंगदारी मांगने का आरोप है। प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर रंगदारी मांगने व मारपीट की धमकी का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के शहीद रामचंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज बसंतपुर धूसी के प्रधानाचार्य डॉक्टर स्वतंत्र यादव ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि नगर पंचायत तरकुलवा के पक्खन टोला निवासी धर्मराज यादव उनसे 15 से 20 हजार रुपये रंगदारी के रूप में ले चुके हैं। आरोप है कि इसके बाद वे हर महीने 8 से 10 हज़ार रुपए रंगदारी मांगते हैं, नहीं देने पर मारपीट की धमकी दिया करते हैं।
प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी आरटीआई कार्यकर्ता धर्मराज यादव के खिलाफ रंगदारी व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। उधर, आरटीआई कार्यकर्ता धर्मराज यादव का कहना है कि मैंने आरटीआई के तहत विद्यालय से संबंधित सूचना मांगी हैं, जिससे नाराज होकर प्रधानाचार्य ने मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भरौदिया ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर धर्मराज यादव के खिलाफ रंगदारी और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।