रास्ते के विवाद में तमंचा तानने और चाकू मारने का आरोप
सोशल मीडिया पर मारपीट के वॉयरल वीडियो में दिख रहे दो भाजपा नेता
देवरिया। रास्ते के विवाद में बांस देवरिया मोहल्ले में मंगलवार को दो पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई। इस दौरान एक युवक ने तमंचा भी तान दिया था। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वॉयरल होने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता समेत छह लोगों पर केस दर्ज किया है।
शहर के बांस देवरिया मोहल्ला निवासी मृत्युंजय कुमार मौर्य और पड़ोसी मीरा देवी व रमाशंकर गुप्ता के बीच जमीन और रास्ते का विवाद है। आरोप है कि मंगलवार को दोपहर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मृत्युंजय के पिता को गंभीर चोट लग गई। पुलिस इस मामले में माेहल्ले के रहने वाले भाजपा नेता रविपाल सिंह, अरूण कुमार गोंड उर्फ राजू, रमाशंकर गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, पिंटू कुमार गुप्ता, मीरा देवी पर मारपीट, बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
भाजपा नेता रविपाल पर कोतवाली में इसके पहले भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। कोतवाली पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो वॉयरल होने के बाद हरकत में आई और एएसपी के आदेश पर केस दर्ज किया। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।