चौमुखा में 6 लोगों पर हत्या का केस दर्ज
- 29 जुलाई को एक महिला को बचाने में हमलावरों ने की थी पिटाई
- 23 दिन बाद घायल की इलाज के दौरान हुई मौत
पिंडी (देवरिया)। मारपीट के जिस मामले को पुलिस ने 23 दिन पहले केस दर्ज नहीं किया था, उस मामले में बृहस्पतिवार को बलवा और हत्या का केस दर्ज हुआ। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहें हैं।
बीते 29 जुलाई को लार थाना क्षेत्र के चौमुखा में जय नारायण साहनी की पत्नी भागमनी देवी को पोखरे के पट्टे के विवाद में गांव के कुछ लोग पिटाई कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाले राजेश सिंह जब महिला को बचाने गए तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। सरकारी अस्पताल से जांच कराकर जब राजेश सिंह थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनका केस नहीं दर्ज किया। घायलावस्था में वे जिला अस्पताल में इलाज कराया। स्थिति में सुधार न होने पर वे एक निजी चिकित्सालय में इलाज करा रहे थे। इस बीच गुरुवार को उनकी मौत हो गई। मृतक के भतीजे पिंटू कुमार सिंह ने गांव के महेंद्र सिंह, सूरज सिंह, राणा प्रताप सिंह, विजय बहादुर सिंह, सुभाष सिंह, वीरेंद्र सिंह के विरुद्ध नामजद तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उक्त लोगों के मारने पीटने से लगी चोट के कारण हमारे चाचा की मौत हो गई। पुलिस सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक लार पीडी सिंह ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर शीघ्र जेल भेजा जाएगा।