हत्यारोपी पिता को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
किशोरी की मां पुलिस की कार्यशैली पर उठा रही थी सवाल
महुआडीह क्षेत्र के एक गांव में गर्भवती किशोरी की गला दबाकर हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के एक गांव में गर्भवती किशोरी की गला दबाकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को प्रेमी पर केस दर्ज कर लिया। बेटी की हत्या का जुर्म कबूल कर चुके पिता को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। किशोरी की मां अपनी बेटी की हत्या की असली वजह प्रेमी को बताकर पुलिस पर उसे बचाने का आरोप लगा रही थी। महुआडीह क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी होने के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया था। इसी बीच मौका पाकर किशोरी के पिता ने अपने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। शव छिपाने के लिए उसे बालू की बोरी से बांधकर छोटी गंडक नदी में फेंक दिया था। तीन दिन बाद तीन अप्रैल को शव मिलने के बाद हिरासत में लिया गया पिता पुलिस की सख्ती के आगे टूट गया। उसने जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि उसने ही बेटी की हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। चार अप्रैल को ही हिरासत में लिए गए किशोरी के प्रेमी पर पुलिस ने रविवार को केस दर्ज कर उसे भी जेल दिया गया। प्रेमी ने किशोरी से अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार कर लिया। उधर, पति के जेल भेजे जाने के बाद पत्नी, बेटी की प्रेमी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रही थी। पुलिस पर उसे बचाने का आरोप लगा रही थी। उसका कहना है कि बेटी की हत्या की असली वजह प्रेमी है। इस संबंध में एसओ महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि किशोरी के प्रेमी के पर भी विवेचना के दौरान पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।