दहेज के लिए विवाहिता को मारने व प्रताड़ित करने की शिकायत पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को पति समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपी गोरखपुर जनपद के तारामंडल इलाके के रहने वाले हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भटनी नगर के हतवा वार्ड निवासी नरेंद्र श्रीवास्तव ने अपनी बेटी की शादी गोरखपुर के भटवलिया बुजुर्ग (तारामंडल) निवासी पवन श्रीवास्तव से की है। पीड़ित विनीता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि तय दहेज देने के बाद वह ससुराल गई। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले और दहेज की मांग करने लगे। इसके लिए आए दिन विवाहिता को मारना-पीटना शुरू कर दिया।
परेशान विवाहिता ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसको लेकर कई बार पंचायत हुई लेकिन बात नहीं बनी। एक दिन ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। तभी से वह मायके में रह रही है।
शिकायत पर पुलिस ने पवन श्रीवास्तव, प्रेमलता देवी, दयाशंकर लाल, मनीष कुमार, पूजा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने आदि का केस दर्ज किया है। एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।