थाना क्षेत्र के जुआफर गांव में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और मायके वालों के आने पर पड़ोसियों के साथ मिलकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को पति समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया है। विवाहिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के सोन्हुला गांव निवासी कुसुमावती देवी की शादी क्षेत्र के जुआफर गांव निवासी दीनदयाल से हुई है। आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात तकरीबन 9:00 बजे रात में कुसुमावती देवी छत पर सोई हुई थीं। इसी बीच पति दीनदयाल शराब पीकर आए और गाली-गलौज करने लगे। साथ में सास भी थीं।
जब कुसुमावती ने विरोध किया तो सास और पति दोनों मिलकर मारने-पीटने लगे। शोर मचाने पर पति ने छत से नीचे धकेल दिया। इससे कुसुमावती को हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
मां गुलाइची देवी की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को पति दीनदयाल, सास कुमारी देवी, विकास यादव और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि विवाहिता को प्रताड़ित करने पर केस दर्ज किया गया है।