खुखुंदू। थाना क्षेत्र के भरौली चौराहे पर मंगलवार दोपहर बाद एक कार बाइक में टक्कर मारने के बाद पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार और कार सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। उधर, हादसे के बाद देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर करीब बीस मिनट तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस के पहुंचने के बाद आवागमन चालू हुआ।
जानकारी के अनुसार रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरहिया निवासी बालेश्वर गुप्ता उम्र 45 पुत्र शारदा गुप्ता बाइक से खुखुंदू क्षेत्र के भरौली से देवरिया की तरफ जा रहे थे। भरौली चौराहे पर ही पहुंचे थे कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार बालेश्वर उछलते हुए सड़क पर गिर पड़े। उधर, कार लिए चालक जाकर पेड़ से टकरा गया।
जिससे वह भी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर इतनी जोरदार हुई की आसपास गांवों के लोग भी मौके पर दौड़ते-भागते पहुंच गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। कार सवार गोरखपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। बालेश्वर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है। जबकि कार सवार का किसी प्राइवेट अस्पताल में गोरखपुर इलाज चलने की बात कही जा रही है। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों का कहना है कि बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाया था।
इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि कार पेड़ से टकराने के बाद एयरबैग खुल गया। वरना कार सवार की जान चली गई होती। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। दूसरी ओर भरौली चौराहे पर बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार ठेला को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई।
संयोग अच्छा रहा कि फल विक्रेता भागकर अपनी जान बचा लिए। परसिया मिश्र गांव निवासी छेदी कुशवाहा भरौली चौराहे पर फल की दुकान चलाते हैं।