देवरिया। देवरिया-कसया मार्ग पर गढ़रामपुर नहर पुलिया के पास सोमवार की देर शाम बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक और कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कसया भेज दिया गया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के रहने वाले राजेश प्रसाद (19) पुत्र जगदीश प्रसाद गढ़रामपुर से बाजार करके घर लौट रहे थे। वह गढ़रामपुर नहर पुलिया के पास मुड़ रहे थे कि देवरिया की तरफ से आ रही कार उन्हें बचाने में बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें बैठे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार युवक राजेश प्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया भेजवाया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल को बचाते समय कार उससे टकरा कर अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जाकर टकरा गई। बाइक और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पांच लोग घायल हैं, जिन्हें सीएचसी कसया भेजा गया है। संवाद