देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में रविवार की रात में बहू को डांटने पर वृद्ध के छोटे भाई ने लाठी से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। मृतक के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी जिसपर पुलिस ने आरोपी भाई, उसके बेटे सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने घटना की जांच-पड़ताल की।
तहरीर के मुताबिक रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में अमेरिका उर्फ अंबिका प्रसाद (61) रविवार की देर रात किसी बात को लेकर अपने बेटे रणजीत की पत्नी यानी अपनी बहू सरिता को डांट रहे थे। ससुर-बहू के बीच हो रही बहस में अमेरिका से अलग रह रहा छोटा भाई महंथ प्रसाद आ धमका। उसके बाद दोनों भाइयों में कहासुनी इस कदर बढ़ गई कि महंथ प्रसाद ने अमेरिका को दौड़ाकर लाठी से पिटाई कर दी। इससे अमेरिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घर पर बहू सरिता के अलावा कोई और नहीं था, ऐसे में रात 11 बजे अमेरिका की घर पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। अमेरिका के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रणजीत बाहर है। जबकि छोटा बेटा बलवीर घटना के समय ससुराल गया हुआ था। सूचना पाकर वह घर पहुंचा। उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके चाचा महंथ ने अपने बेटे अजय के साथ मिलकर पिता की निर्ममता से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की बहू सरिता, भाई महंथ व उसके बेटे अजय को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। परिजनों के अनुसार बड़ा भाई होने के कारण अमेरिका छोटे भाई को पहले काफी मानते थे। पर समय बदला और दोनों अलग हो गए। इसके बाद से ही दोनों के रिश्तों में दूरियां आ गईं। जो घटना अमेरिका के साथ घटित हुई, उससे परिवार के साथ गांव के लोग भी हतप्रभ हैं।
घटना की जांच-पड़ताल कर मातहतों को जरूरी निर्देश दिए। पिटाई से अमेरिका की देर रात मौत हो हुई है। मृतक के भाई महंथ और उसके बेटे अजय को हिरासत में लिया गया है। जबकि बहू को पूछताछ के लिए थाने पर लाया गया है। केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
श्रीयश त्रिपाठी, सीओ सदर