जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने का कार्य चौथे दिन भी चला। डीएम आवास के सामने सड़क के अतिक्रमण को एसडीएम की अगुवाई में पहुंची टीम ने हटवा दिया।
इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई थी। अब यहां की सड़क भी चौड़ी दिखने लगी हैं।
उपजिलाधिकारी सदर अजय कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर सुशील कुमार सिंह, कोतवाल गोपाल त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद की टीम बृहस्पतिवार की शाम तीन बजे जेसीबी के साथ डीएम आवास पर पहुंची।
यहां डीएम आवास की ओर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। यहां से टीम फिर पीछे यानी गोरखपुर रोड की ओर गई।
यहां एक व्यक्ति ने सड़क पर गिट्टी और बालू रखवाया था। नगर पालिका की टीम ने इसे उठवाकर सुरक्षित जगह पहुंचवा दिया। टीम के लोगों ने सिविल लाइंस में पोल और सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स को भी हटाया।
बृहस्पतिवार को यहां से आगे के अतिक्रमण को हटवाया जाएगा। इस दौरान नगर पालिका परिषद के सफाई निरीक्षक मोहम्मद इल्तजा, टीएस आलोक श्रीवास्तव, टीएसआई मोहनलाल यादव समेत अधिक संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे।