प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की बैठक रविवार को टाउनहाल परिसर में हुई। इसमें वेतन और एरियर का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
संगठन का कहना था कि प्रथम बैच के कई शिक्षकों का एरियर का भुगतान नहीं हुआ है। इसके विरोध में लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को विभागीय मामले से अवगत कराया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष रवि प्रकाश यादव ने कहा कि वेतन और एरियर के भुगतान कराने के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।
भुगतान जल्द नहीं हुआ तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रदेश मंत्री रमेश यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष आनंद प्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों का एरियर भुगतान नहीं होने पर लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 20 जनवरी को रोपन छपरा में आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को मामले से अवगत कराया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद राव ने कहा कि एरियर और वेतन भुगतान के लिए अधिकारियों से कई बार बात की गई है लेकिन विभागीय अधिकारी सरकार की छवि को खराब कर रहे हैं।
संगठन इसे कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। भुगतान नहीं होने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान केशव प्रताप शाही, सुरेश पांडेय, कामेश्वर यादव, शिवदास सिंह, आशुतोष राव, जमशेद अंसारी, अखिलेश त्रिपाठी, सुबहानुल्लाह खान, ताहिर अली, राजेश यादव, आदि मौजूद रहे।