मालवीय रोड से सुभाष चौक तक कैंडल मार्च निकालते स्वर्ण कारोबारी।
देवरिया। जिले से सटे बिहार के सिवान में लूट के प्रयास के दौरान सराफा कारोबारी दिलीप वर्मा की मौत से स्वर्ण कारोबारियों में रोष है। घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को स्वर्ण कारोबारियों ने शहर में कैंडल मार्च निकाला।
मालवीय रोड से सुभाष चौक तक पहुंचे कारोबारियों ने मृतक को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार से सराफा कारोबारियों की सुरक्षा मजबूत करने, घटना में शामिल बदमाशों को पकड़ने और उनके एनकाउंटर की मांग की।
सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार निवासी दिलीप वर्मा की टड़वा चट्टी बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। मंगलवार दोपहर छह बदमाश लूट की नीयत से उनकी दुकान में घुसे थे। दिलीप वर्मा ने दो बदमाशों को पकड़ लिया था। इस दौरान बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दिलीप को इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वर्ण कारोबारियों में शोक और आक्रोश फैल गया।
बृहस्पतिवार को सोनार समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू वर्मा और स्वर्णकार संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश वर्मा के नेतृत्व में कारोबारियों ने मालवीय रोड से कैंडल मार्च शुरू किया। सुभाष चौक पहुंचकर उन्होंने दिलीप वर्मा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कारोबारियों ने घटना के विरोध में नारेबाजी कर नाराजगी जताई।
सोनार समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू वर्मा ने कहा कि दिलीप वर्मा की हत्या ने व्यापारियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। स्वर्णकार संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश वर्मा ने कहा कि बिहार सरकार बताए कि स्वर्ण कारोबारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने घटना में शामिल बदमाशों को पकड़कर एनकाउंटर करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सोनार समाज राजू वर्मा, स्वर्णकार संघ जिलाध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, दीपक वर्मा, विकास वर्मा माैजूद रहे।