देवरिया। डीएम अनिता श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रत्याशियों के खर्च की सीमा 28 लाख रुपये निर्वाचन आयोग ने तय की है। इसमें 20 हजार रुपये तक ही नकद खर्च कर पाएंगे। बाकी का खर्च चेक से करना होगा।
इसके लिए बैंक में नया खाता खोलना होगा। डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन के लिए विधानसभावार सात मॉडल कोड कंडक्ट टीम का गठित की गई है।
प्रत्येक टीम में एसडीएम, एएसडीएम, तहसीलदार, सीओ, कानूनगो तैनात किए गए हैं। निर्वाचन खर्च की निगरानी के लिए सात सहायक व्यय प्रेक्षक अधिसूचना जारी होने पर कार्य शुरू करेंगे। भ्रष्टाचार की शिकायत पर उड़नदस्ता टीम को हस्तांतरित कर व्यय प्रेक्षक को सूचना देंगे। व्यय प्रेक्षक के मार्गदर्शन में सभी विधानसभा में अलग-अलग लेखा टीम काम करेगी।
प्रत्येक विधानसभा में तीन-तीन यानी 21 उड़नदस्ता टीम गठित है, जो चुनाव खर्चों, वोटरों को रिश्वत देने या नकदी देने, अवैध शस्त्रों, गोला-बारूद, शराब आदि पर नजर रख रही है। अपनी रिपोर्ट एसपी, डीएम, साधारण प्रेक्षक व सहायक व्यय प्रेक्षक को देगी। जिले में 24 स्थैतिक निगरानी टीम गठित है जो अधिसूचना के दिन से पिकेट, चेकपोस्ट पर अवैध कामों पर नजर रखेगी।
प्रत्येक विधानसभा में दो-दो वीडियो निगरानी टीम गठित है। सीडीओ राजेश कुमार त्यागी, एडीएम वित्त एवं राजस्व बीएल मौर्य, एडीएम प्रशासन वीके दोहरे ने भी चुनाव संबंधी जानकारी दी।